Begin typing your search above and press return to search.

कबड्डी

हरियाणा ने जीता सीनियर राष्ट्रीय महिला कबड्डी चैंपियनशिप 2023 का ताज

सीनियर राष्ट्रीय महिला कबड्डी चैंपियनशिप के नौ संस्करणों में हरियाणा का यह पहला खिताब है।

haryana women kabaddi team
X

हरियाणा महिला कबड्डी टीम 

By

Bikash Chand Katoch

Published: 28 March 2023 9:49 AM GMT

मेजबान हरियाणा ने रविवार को महेंद्रगढ़ में सीनियर राष्ट्रीय महिला कबड्डी चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में पिछले संस्करण के विजेता हिमाचल प्रदेश को 35-28 से हराकर नौ संस्करणों में अपना पहला खिताब जीत लिया है। इससे पहले हरियाणा की टीम पांच बार उपविजेता रही थी।

सीनियर राष्ट्रीय महिला कबड्डी चैंपियनशिप में झारखंड और ओडिशा के साथ हरियाणा ग्रुप सी में था। झारखंड के ख़िलाफ़ हरियाणा को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन राउंड ऑफ़ 16 में प्रवेश करने के लिए हरियाणा की टीम ने ओडिशा को हराकर प्रतियोगिता के अगले राउंड में जगह बनाई थी। राउंड ऑफ़ 16 में हरियाणा ने तमिलनाडु को 46-17 से हराया और क्वार्टर-फाइनल में भारतीय रेलवे को 38-23 से शिकस्त दी थी। सेमीफाइनल में हरियाणा ने राजस्थान को 34-33 से हराया।

हिमाचल की टीम ने राउंड ऑफ़ 16 में बिहार को 59-13 और क्वार्टर फाइनल में पंजाब को 46-15 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में हिमाचल का मुकाबला झारखंड से हुआ। हिमाचल ने इस मुकाबले को आसानी से झारखंड को 49-20 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

हरियाणा महिला कबड्डी टीम का नेतृत्व प्रियंका ने किया, जिन्होंने नेपाल में 2019 दक्षिण एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था।

फाइनल में दोनों टीमों के बीच करीबी मुक़ाबला देखने मिला, खेल के पहले हाफ की समाप्ति पर हिमाचल प्रदेश एक अंक से आगे था। हालांकि, हरियाणा ने दूसरे हाफ की शुरुआत में हिमाचल की टीम को ऑल-आउट करते हुए बढ़त हासिल कर ली। इसी बढ़त का फायदा उठाते हुए हरियाणा ने सीनियर राष्ट्रीय महिला कबड्डी चैंपियनशिप के 69वें संस्करण को सात अंकों से जीत लिया।

महेंद्रगढ़ में हिमाचल प्रदेश को रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि झारखंड और राजस्थान ने कांस्य पदक जीता। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्य सभा के सदस्य किशनपाल पंवार ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राॅफी देकर सम्मानित किया।

2022 में टूर्नामेंट के पिछले 68वें संस्करण के दौरान, 29 टीमों ने भाग लिया था और इस कार्यक्रम की मेजबानी हरियाणा के चरखी दादरी में की गई थी। भारतीय रेलवे को 33-31 से हराकर हिमाचल प्रदेश विजयी हुआ था।

Next Story
Share it